ब्रेकिंग-मंदिर हसौद मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं व बूथ अध्यक्ष का सामूहिक इस्तीफा-सोसायटी अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर जताई नाराजगी
आरंग। रायपुर के मंदिर हसौद भाजपा मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्राम मालीडीह में पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्ष द्वारा सामूहिक इस्तीफा दिए जाने का मामला सामने आया है। नाराज कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष को अपना लिखित इस्तीफा सौंप दिया है, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।स्थानीय सूत्रों और नाराज कार्यकर्ताओं के अनुसार, इस सामूहिक इस्तीफे की मुख्य वजह ग्राम मालीडीह की नवगठित सोसायटी में अध्यक्ष पद की नियुक्ति है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी की सरकार होने के बावजूद, सोसायटी के अध्यक्ष पद पर किसी कांग्रेसी नेता की नियुक्ति कर दी गई है। इस्तीफा देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्ष का कहना है कि एक ओर सरकार किसानों को बड़े लाभ देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। अपनी ही सरकार में विरोधी दल के कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण पद दिए जाने से नाराज होकर उन्होंने सामूहिक रूप से पद छोड़ने का निर्णय लिया है। फिलहाल, कार्यकर्ताओं के इस कदम के बाद मंदिर हसौद मंडल में यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा मंडल अध्यक्ष या स्थानीय वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है।
विनोद गुप्ता-आरंग






