ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट-नरदहा और मंदिरहसौद ने दर्ज की एकतरफा जीत-आदर्श और विपुल बने मैन ऑफ द मैच
आरंग। आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मैदान पर खेले गए दोनों ही मैचों में बल्ले और गेंद का जबरदस्त घमासान हुआ, जिसमें द आरंभ स्कूल नरदहा और स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने अपने-अपने मैच बड़े अंतर से जीतकर अगले दौर में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।दूसरे दिन का पहला मुकाबला द आरंभ स्कूल नरदहा और पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नरदहा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से भव्य ने शानदार 37 रन और कार्तिक ने 28 रनों का उपयोगी योगदान दिया। वहीं विपक्षी टीम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए प्रिंस ने 3 और गीतेश ने 2 विकेट झटके। 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग की शुरुआत धीमी रही। ईशांत के 24 रन और सागर के 17 रनों की संघर्ष भरी पारियों के बावजूद पूरी टीम 100 रनों पर ही सिमट गई। नरदहा के गेंदबाज आदर्श ने 3 और कार्तिक ने 2 विकेट हासिल कर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस तरह द आरंभ स्कूल नरदहा ने 76 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। घातक गेंदबाजी के लिए आदर्श सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।दिन का दूसरा मुकाबला सृजन सोनकर स्कूल आरंग और स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद के बीच खेला गया। खराब मौसम के कारण ओवरों में कटौती करते हुए मैच को 15-15 ओवर का कर दिया गया। स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 183 रनों का विशाल स्कोर बना डाला। टीम के लिए कोमल ने 43 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि अर्पित ने 25 रन जोड़े। सृजन सोनकर स्कूल के गेंदबाज सौरभ साहू ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट और पुष्पेंद्र धीवर ने 1 विकेट झटका। 184 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सृजन सोनकर स्कूल की टीम दबाव में बिखर गई। भावेश सोनकर के 20 रन और समीर के 8 रनों के संघर्ष के बावजूद पूरी टीम महज 72 रनों पर ढेर हो गई। मंदिरहसौद के गेंदबाज विपुल ने 3 और रोहित ने 2 विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने 111 रनों से बड़ी जीत दर्ज की और बेहतरीन गेंदबाजी के लिए विपुल को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग



