ब्लॉक स्तरीय नेत्रदान पखवाड़ा कार्यक्रम सम्पन्न-162 विद्यार्थियों का हुआ नेत्र परीक्षण, 35 में मिला दृष्टिदोष
आरंग।राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के अंतर्गत विकासखंड आरंग का ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम 3 सितंबर 2026 को उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदखुरी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करते हुए समाज में नेत्रदान का संदेश पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।कार्यक्रम में हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों के बीच नेत्रदान विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नेत्रदान के महत्व को प्रदर्शित किया।इस अवसर पर विद्यालय के कुल 162 छात्र-छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें 35 विद्यार्थियों में दृष्टिदोष पाया गया। दृष्टिदोष से प्रभावित सभी विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार निःशुल्क चश्मा प्रदान किया जाएगा।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कमलेश्वरी साहू की अध्यक्षता में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नेत्रदान की आवश्यकता, उपलब्धता एवं महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अपने परिवार तथा समाज के लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में विकासखंड की वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी श्रीमती सविता दीवान,श्रीमती रमा झा, श्रीमती मौसमी कर्मकार, नरेश साहू, दिलीप सिंह, ईश्वर कन्नौजे एवं एस.आर. नौरंगे, नेत्र सहायक अधिकारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से एक ओर जहां विद्यार्थियों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई, वहीं दूसरी ओर नेत्रदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग



