भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप-पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया बोले— “इवेंट से देश नहीं चलता, जन-सरोकार से चलता है”
आरंग।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे आयोजनों को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग और चापलूसी की पराकाष्ठा करार दिया है।
निकायों को बनाया गया ‘प्रचार विंग’
डॉ. डहरिया ने छत्तीसगढ़ के स्थानीय निकायों और विभागों से जारी हो रहे निर्देशों पर कड़ा ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि नगर निगमों, नगर पालिकाओं और पंचायतों को जनसेवा के कार्यों से हटाकर भाजपा के राजनीतिक आयोजनों में झोंक दिया गया है। जर्जर सड़कों, पानी की किल्लत और सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय प्रशासनिक अमले को रैलियां आयोजित करने के फरमान थमाए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सीधा हनन है।
ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि विज्ञापनों और होर्डिंग्स की चमक-दमक के पीछे सरकार अपनी विफलताओं को छिपा रही है। आज देश और प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, रसोई गैस और ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं, तथा किसान खाद-बीज के लिए परेशान हैं। ऐसे में जनता के टैक्स के पैसों को सरकारी उत्सवों और ब्रांडिंग पर लुटाया जा रहा है।डॉ. डहरिया ने चेतावनी दी है कि जनता भाजपा के इस “इवेंट-जीवी” और आत्म-मुग्ध रवैये को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



