आरंग में सेवा संकल्प अभियान पर हुआ भव्य दीपोत्सव का आयोजन-राजा मोरध्वज की प्रतिमा और गौरव पथ पर जगमगाए 5000 दीये
आरंग। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आरंग नगर पालिका परिषद द्वारा बस स्टैंड परिसर में एक भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर ऐतिहासिक नगरी आरंग को दीपों की रोशनी और सुंदर रंगोलियों से सजाया गया।
राजा मोरध्वज की प्रतिमा के पास सजी भव्य रंगोली
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय बस स्टैंड स्थित छत्तीसगढ़ के प्राचीन और गौरवशाली इतिहास के प्रतीक राजा मोरध्वज की प्रतिमा के चारों ओर मनमोहक और भव्य रंगोली बनाकर की गई। प्रतिमा के आसपास दीप प्रज्ज्वलित कर एक अलौकिक दृश्य उपस्थित किया गया, जिसने सबका मन मोह लिया।
गौरव पथ में बाबा हरदेव लाल मंदिर तक जले 5000 ‘आशीर्वाद के दीये’
आरंग के गौरव पथ पर डिवाइडर के दोनों ओर बस स्टैंड से लेकर बाबा हरदेव लाल मंदिर तक लगभग 5000 ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए। जगमगाते दीपों की यह श्रृंखला आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।
राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष और सुशासन का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव मिर्धा तथा नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए जाने के ऐतिहासिक पड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा, “गरीब कल्याण से लेकर सुशासन, अंत्योदय से लेकर आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जलाया गया यह ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति प्रदेशवासियों के अगाध स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक है।”

प्रमुख गणमान्य नागरिकों की रही विशेष उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में पार्षद नरेन्द्र लोधी, उमाकांत यादव, संतोष लोधी, पार्षद प्रतिनिधि राकेश सोनकर, डॉ. तोषण साहू, राकेश शर्मा, एल्डरमेन आनंद मूर्ति अग्रवाल और निर्मला साहू विशेष रूप से शामिल हुए।इसके अतिरिक्त सनत साहू, नरेन्द्र लल्ला साहनी, पालचंद साहू, उमाशंकर चंद्राकर, नागेन्द्र विश्वकर्मा, नगर पालिका के सीएमओ रामसंजीवन सोनवानी, इंजीनियर हरीश मांझी, इंजीनियर केशनाथ साहू, आर आई अनुभव साहू सहित नगर पालिका का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व आरंगवासी उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



