आरंग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब दुकान के सुपरवाइजर, सेल्समैन और शिक्षक समेत 7 कोचिए गिरफ्तार, अर्टिगा कार से 160 पाव शराब जब्त
आरंग: अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरंग पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुल्लू स्थित सरकारी देशी शराब दुकान से अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही 160 पाव देशी मसाला शराब के साथ 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध सिंडिकेट में शराब दुकान का सुपरवाइजर, सेल्समैन, मल्टी वर्कर और एक सरकारी शिक्षक भी संलिप्त पाए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर रानीसागर में घेराबंदी रायपुर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक माना के मार्गदर्शन में आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि सफेद रंग की अर्टिगा कार (क्रमांक CG 04 QB 5200) में ग्राम गुल्लू शराब भट्ठी से भारी मात्रा में शराब भरकर अवैध बिक्री के लिए ग्राम रानीसागर की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही सउनि अनिल चंद्रवंशी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश बंधन, आरक्षक नियाज खान और सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 160 पाव देशी मसाला शराब (कुल 28.8 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत 16,000 रुपये) बरामद की गई।
8 लाख की अर्टिगा समेत कुल 8.16 लाख का माल जब्त पुलिस ने अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) और शराब सहित कुल 8,16,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- उबारन दास पुरेना (34 वर्ष), निवासी गुल्लू – गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर
- सुरेश बांधे (36 वर्ष), निवासी परसवानी (खरोरा) – गुल्लू शराब दुकान का मल्टी वर्कर
- तिरीत राम बांधे (45 वर्ष), निवासी परसवानी – शिक्षक (पदस्थ: ग्राम अमोदी)
- भरत रात्रे (38 वर्ष), निवासी परसवानी – वाहन चालक
- दिलीप कुमार कुर्रे (50 वर्ष), निवासी अमोदी (खरोरा)
- भागवत बारले (38 वर्ष), निवासी अमोदी (खरोरा)
- राजेश काटले (31 वर्ष), निवासी कोडापार (खरोरा) – गुल्लू शराब दुकान का सेल्समैन
थाना प्रभारी नरेश साहू ने बताया कि सरकारी शराब दुकान में पदस्थ कर्मचारी ही अपने पद का दुरुपयोग कर शासन के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे और कोचियागिरी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस इस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
विनोद गुप्ता-आरंग



