बीच सड़क पर चाकू लहराकर दहशत फैला रहा था युवक-आरंग पुलिस ने भेजा जेल
आरंग । रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियार लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी मुख्य मार्ग पर चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहा था।आरंग पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रानीसागर मुक्तिधाम के पास मेन रोड पर एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस की एक टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पाया कि युवक वास्तव में सड़क पर चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया।आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश देवदास (20 वर्ष), पिता तुलसी देवदास, निवासी ग्राम समोदा, थाना आरंग, जिला रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल रायपुर दाखिल कर दिया गया है।
विनोद गुप्ता-आरंग





