कल 10 नवम्बर को बागेश्वर नाथ महादेव गौ सेवा धाम में अन्नकूट व दीपावली मिलन का भव्य आयोजन-गौ वंशों को खिलाया जायेगा खिचड़ी
आरंग।नगर के धार्मिक एवं सेवाभावी संस्थान ‘श्री बागेश्वर नाथ महादेव गौ सेवा धाम’ में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ ‘अन्नकूट एवं दीपावली मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 10 नवंबर (मंगलवार) को दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक ठकुरदिया पारा, खमतराई रोड स्थित गौ सेवा धाम परिसर में संपन्न होगा।दीपावली महापर्व की पावन श्रृंखला में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गोवर्धन पूजा, विधि-विधान से गौ पूजन एवं गौ वंशों को विशेष रूप से तैयार खिचड़ी का भोग लगाना रहेगा। गौ सेवा धाम समिति ने बताया कि सनातन संस्कृति में गौ माता की सेवा को सर्वोपरि माना गया है, और इसी भाव के साथ हर वर्ष यह धार्मिक व सेवा कार्य आयोजित किया जाता है।समिति के पदाधिकारियों ने समस्त नगरवासियों, धर्मप्रेमी सज्जनों एवं गौभक्तों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं। साथ ही समिति ने आग्रह किया है कि गौ सेवा और संवर्धन के इस पुनीत कार्य में श्रद्धालु अपनी स्वेच्छा अनुसार सामग्री अथवा आर्थिक सहयोग प्रदान कर पुण्य के भागीदार बन सकते हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग





