ऑपरेशन निश्चय’-रायपुर में 33.5 किलो गांजा जब्त-4 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार-नया रायपुर में मंदिर हसौद पुलिस की नाकेबंदी-18.55 लाख का मशरूका बरामद

आरंग।जिला रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत थाना मंदिर हसौद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर चार शातिर अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए गांजे और सामग्री का कुल बाजार मूल्य लगभग 18 लाख 55 हजार रुपये आंका गया है। आरोपी बस्तर संभाग के सुकमा जिले से गांजा लेकर मध्य प्रदेश में खपाने की फिराक में थे। पुलिस को 6 नवंबर की रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बाइकों के माध्यम से सुकमा से अवैध गांजा लेकर नया रायपुर होते हुए मध्य प्रदेश की ओर निकलने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मंदिर हसौद पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने नया रायपुर सेक्टर-18 स्थित एमजीएम स्कूल के पीछे संभावित मार्ग पर सख्त नाकेबंदी की। 7 नवंबर की अलसुबह करीब 5:50 बजे तीन संदिग्ध बाइकों पर चार लोग आते दिखे, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास रखे अलग-अलग पिट्ठू बैगों से कुल छह पैकेटों में भरा 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इनमें ग्राम पिपरछेड़ी, थाना छुरा (गरियाबंद) निवासी महेश कुमार ध्रुव (39 वर्ष) के पास से 9 किलो 100 ग्राम गांजा, एक बाइक और मोबाइल जब्त हुआ। वहीं पिपरछेड़ी निवासी परमेश्वर कुमार मरकाम (28 वर्ष) से 12 किलो 100 ग्राम गांजा, एक बाइक और मोबाइल मिला। तीसरे आरोपी ग्राम छिंदगढ़ (सुकमा) निवासी अजय मंडावी (26 वर्ष) के पास से 12 किलो 300 ग्राम गांजा और मोबाइल तथा चौथे आरोपी ग्राम पंडरीपानी, थाना छुरा (गरियाबंद) निवासी राकेश कुमार साहू (36 वर्ष) के पास से एक बाइक व मोबाइल फोन बरामद किया गया।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा सुकमा जिले के ग्राम चिकिरपाल क्षेत्र से लेकर आए थे और इसे मध्य प्रदेश में ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की योजना थी। पुलिस चेकिंग से बचने के लिए आरोपियों ने गांजे को अलग-अलग बैगों में छिपाकर तीन बाइकों पर लोड किया था। पुलिस ने 16 लाख 75 हजार रुपये मूल्य का 33.500 किलोग्राम गांजा, एक लाख 40 हजार रुपये कीमत की तीन।मोटरसाइकिलें और 40 हजार रुपये के चार मोबाइल फोन विधिवत जब्त किए हैं। थाना मंदिर हसौद में चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 557/2026, धारा 20(b)(ii)(C) नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज, सुकमा के मुख्य सप्लायरों और मध्य प्रदेश के संभावित खरीदारों के संबंध में गहन विवेचना कर रही है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और परिवहन के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
विनोद गुप्ता-आरंग




