श्री राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट की सेवाभावी पहल-दशहरा-दीपावली पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 65 नागरिकों ने कराई जांच
आरंग।स्थानीय श्री राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट द्वारा दशहरा एवं दीपावली पर्व के पावन उपलक्ष्य में जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर रविवार को दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें कुल 65 नागरिकों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ उठाया।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर एवं ईसीजी (ECG) की जांच पूर्णतः निःशुल्क की गई। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अश्विनी राउत एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ खरे ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों को परामर्श दिया तथा आवश्यकतानुसार उचित दवाइयां लिखीं। मंदिर के सर्वराकार सावन शुक्ला ने नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रकटीकरण है। आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने ही इस आयोजन को सफल बनाया है।” मंदिर के ट्रस्टियों ने भी शिविर के सफल संचालन पर हर्ष जताया।इस सेवाभावी कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में राकेश गुप्ता, बृजेश सोनी, सतीश अग्रवाल, बृजेश अग्रवाल, अर्पित चौधरी एवं अरविंद गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग



