पोषण मेले में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश-पत्रकारों का सम्मान कर जन-जागरूकता में योगदान को सराहा
आरंग। बद्री प्रसाद लोधी स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय, आरंग में पोषक शाला एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, आरंग के संयुक्त तत्वावधान में पोषण मेला एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संतुलित आहार, सूक्ष्म पोषक तत्वों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अभया रा. जोगलेकर ने की। मुख्य अतिथि सोमनाथ राजपूत ने विद्यार्थियों को पोषण आहार के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में उचित पोषण, संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना है।पोषण मेले में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही पोषण परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौष्टिक खाद्य पदार्थों तथा संतुलित आहार के महत्व को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।इस अवसर पर पत्रकार रामकुमार गुप्ता ने सूक्ष्म पोषण आहार एवं शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों के संबंध में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को दैनिक भोजन में आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों को शामिल करने तथा पोषण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, बेहतर शिक्षा और सशक्त समाज के निर्माण के लिए पोषण संबंधी जागरूकता बेहद जरूरी है।कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार लाल, हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. एल. पी. शर्मा, विज्ञान संकाय प्रमुख डॉ. साधना दीक्षित, वाणिज्य विभागाध्यक्ष भुनेश्वर कुमार साहू सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी, विद्यार्थी, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को जनसामान्य तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर पत्रकार रोशन चंद्राकर, विनोद गुप्ता, रामकुमार गुप्ता एवं पवन साहू का सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने जन-जागरूकता के निर्माण में पत्रकारों के योगदान की सराहना की।कार्यक्रम के माध्यम से “सही पोषण, देश रोशन” का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से पौष्टिक आहार अपनाने, संतुलित भोजन लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। पोषण मेला विद्यार्थियों और समुदाय में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।
विनोद गुप्ता-आरंग



