आरंग में ‘सेवा संकल्प अभियान’-भाषण और ड्राइंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
आरंग। पीएम श्री अरुंधति देवी उत्कृष्ट विद्यालय, आरंग में विकासखंड स्तरीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
🎨 ‘विकसित भारत 2047’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ की जीवंत प्रस्तुति
विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति, ओजस्वी वाणी और रंगों के माध्यम से ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ की संकल्पना को ड्राइंग शीट पर खूबसूरती से जीवंत किया।विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत ड्राइंग से 40 और भाषण से 20 विद्यार्थियों का चयन कर उनके नाम जिला स्तर पर भेजे जा रहे हैं।
🗣️ “भारत को कोई छेड़ेगा तो भारत उसे छोड़ेगा नहीं” – कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और देश की सुरक्षा व प्रगति पर कड़े और स्पष्ट विचार रखे।उन्होंने कहा कि आज का भारत नए संकल्पों और असीम आत्मविश्वास के साथ 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय सेना के अदम्य साहस को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, “आज का भारत सशक्त और आत्मनिर्भर है; यदि कोई भारत को छेड़ेगा तो भारत उसे कतई नहीं छोड़ेगा।”उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक जैसी सफलताओं का गौरवगान करते हुए यह स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा सीमाओं से लेकर तकनीक के हर मोर्चे पर भारत पूरी तरह अभेद्य है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संदीप जैन (नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, आरंग) ने की।इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती टाकेश्वरी मुरली साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष समोदा छोटेलाल सोनकर, अभिषेक राजा तम्बोली, मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू व देवकुमार साहू, जनपद उपाध्यक्ष रविन्द्र रिंकू चंद्राकर सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे, संकुल प्राचार्य संध्या रानी बारीक, निर्णायक मंडल और शिक्षकगणों अरविंद वैष्णव, महेंद्र पटेल, अभिलाषा शुक्ला आदि की उत्कृष्ट सहभागिता रही। मंत्री महोदय द्वारा सभी सहभागी बच्चों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग



