मंत्रालय के पास शासकीय बस बनी आग का गोला-30 से अधिक कर्मचारी बाल-बाल बचे
आरंग।नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय के पास बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शासकीय कर्मचारियों को लेकर जा रही बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। गनीमत रही कि आग फैलने से पहले बस में सवार 30 से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।जानकारी के अनुसार मंत्रालय में छुट्टी के बाद शासकीय बस क्रमांक 3073 कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई थी। बस महानदी भवन के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं तेज होने के साथ आग की लपटें उठने लगीं। चलती बस में आग देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी। इसके बाद कर्मचारियों ने तेजी से बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर आ गए और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
विनोद गुप्ता-आरंग



