बनचरोदा में शिक्षक हत्याकांड-उधारी के 30 लाख और 3 महीने के ब्याज का खूनी हिसाब-आरंग पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी-पढ़िए पूरी कहानी…
आरंग। थाना आरंग क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को आरंग पुलिस और एसीसीयू की टीम ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। रेत, रियल एस्टेट और बुलियन ट्रेडिंग में पैसों के लेन-देन और 30 लाख रुपये की उधारी के विवाद में एक शिक्षक की उसके ही साथी शिक्षक ने निर्मम हत्या कर दी थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना 17 सितंबर 2026 की है, जब ग्राम बनचरौदा के पास (थाना आरंग, जिला रायपुर) ग्राम रामपुर डंगनिया निवासी 46 वर्षीय शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर का शव मिला था। उनके सिर और चेहरे पर धारदार एवं कठोर वस्तु से गंभीर वार किए गए थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वाड और सायबर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान ग्रामीणों और चरवाहे से जानकारी मिली कि मृतक को अंतिम बार उसके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर घटना स्थल की तरफ जाते देखा गया था। पुलिस ने जब ग्राम कुम्हारी स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिक्षा विभाग के वीएसके ऐप की लॉग रिपोर्ट का अध्ययन किया, तो बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा 17 सितंबर की सुबह 09:35 बजे स्कूल आया था और मोबाइल का लोकेशन बंद करके निजी काम का बहाना बनाकर बाहर निकला था। हत्या को अंजाम देने के बाद वह दोपहर करीब 12:50 बजे वापस स्कूल लौटा और पकड़े जाने के डर से उसने अपने मोबाइल से वीएसके ऐप में लॉगिन न करके यह कहकर साथी शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज की कि उसका मोबाइल घर छूट गया है। यह तकनीकी साक्ष्य पुलिस के लिए बेहद मददगार साबित हुआ।पुलिस कड़ाई से पूछताछ में आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी और मृतक पिछले 4 साल से एक-दूसरे को जानते थे और साथ में रेत, रियल स्टेट व बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। आरोपी ने मृतक को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे, जिसके एवज में मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के 3 ब्लैंक चेक दिए थे। पिछले 3 महीनों से मृतक न तो ब्याज दे रहा था और न ही पैसे लौटा रहा था, बल्कि गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने पूरी तैयारी के साथ घटना को अंजाम दिया। विवाद बढ़ने पर सुनसान इलाके में ले जाकर आरोपी ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर शिवकुमार चंद्राकर की हत्या कर दी थी।आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, मृतक द्वारा दिए गए 3 ब्लैंक चेक, उसका पर्स, दोनों के मोबाइल फोन तथा घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए खून से मढ़े कपड़े, जूते और मोजे बरामद कर लिए हैं। आरंग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विनोद गुप्ता-आरंग



