आरंग में नशामुक्ति की अलख-इन हाई स्कूलो में ब्रह्माकुमारी बहनों ने चलाया जागरूकता अभियान-500 विद्यार्थियों ने ली संकल्प प्रतिज्ञा
आरंग ( छत्तीसगढ़) | देश को एक नशामुक्त और सशक्त राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को आरंग के गुज़रा हाई स्कूल और रसनी हाई स्कूल में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया, जिसमें लगभग 500 विद्यार्थियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि उसका पूरा परिवार और सामाजिक जीवन भी तबाह हो जाता है। कम उम्र में नशे की लत लगने से बच्चों का भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य गहरे संकट में पड़ जाते हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खुद तो हमेशा नशे से दूर रहें ही, साथ ही अपने मित्रों, परिजनों और आसपास के समाज को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।
कराई गई विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। छात्र-संतोष और उत्साह के साथ अपने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करेंगे। इस दौरान बच्चों में एक अलग ही सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।
शिक्षकों ने की अभियान की सराहना
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की भूरी-भरी प्रशंसा की। शिक्षकों का मानना है कि बाल्यकाल और किशोरावस्था में ही बच्चों को सही मार्गदर्शन देना और उनमें जागरूकता पैदा करना एक स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है।
विनोद गुप्ता-आरंग



