जन्माष्टमी के ‘ड्राई डे’ के पूर्व आरंग पुलिस की बड़ी कार्यवाही-अवैध शराब बेच रहे 05 कोचिये गिरफ्तार-97 पाव शराब व बाइक जब्त
आरंग। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस (ड्राई डे) का फायदा उठाकर दोगुने दामों में अवैध शराब का स्टॉक कर रहे पांच कोचियों को आरंग पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक रायपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक (माना) के मार्गदर्शन में आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में गठित टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 97 पाव देशी मसाला शराब (17.46 बल्क लीटर), 1000 रुपये नकद और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 9,700 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इंदिरा चौक निवासी अमित मिर्धा (35 वर्ष) को स्प्लेंडर बाइक (क्रमांक CG 04 JA 7679) में 21 पाव शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा, जहां वाहन और शराब दोनों जब्त किए गए। वहीं शीतलापारा आरंग निवासी गोवर्धन निषाद (28 वर्ष) और राजकुमार निषाद (40 वर्ष) के पास से 35 पाव देशी शराब व 500 रुपये बरामद किए गए। इन दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 406/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इसके अलावा तामासिवनी निवासी वामन तारक (35 वर्ष) से 20 पाव शराब व 200 रुपये तथा घिवरा (खरोरा) निवासी राजू बघेल (30 वर्ष) से 21 पाव शराब व 300 रुपये बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे शुष्क दिवस पर अधिक मुनाफा कमाने के लिए दोगुने दामों में शराब बेचने शराब स्टाक कर रहे थे। थाना प्रभारी नरेश साहू ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
विनोद गुप्ता-आरंग



