04 सितंबर को यहाँ मनाया जाएगा राजागुरु गुरु बालकदास साहेब की जयंती-धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
आरंग।आरंग विधानसभा के ग्राम अमसेना स्थित गुरु घासीदास चौक में लगातार 13वें वर्ष शूरवीर, महान प्रतापी राजागुरु गुरु बालकदास साहेब जयंती समारोह का भव्य आयोजन शुक्रवार, 04 सितंबर 2026 (भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी) को किया जा रहा है। राजागुरु गुरु बालकदास युवा समिति अमसेना, समस्त सतनामी समाज एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।इस पावन अवसर पर युवाओं के प्रेरणास्रोत, युवराज गुरु, धर्मगुरु खुशवंत साहेब केबिनेट मंत्री, कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा युवराज गुरु धर्मगुरु गुरु सौरभ साहेब प्रदेशाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, अखिल भारतीय सतनाम सेना का विशेष सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा। समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल करेंगे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत आरंग की अध्यक्ष श्रीमती टाकेश्वरी मुरली साहू, सरपंच संघ आरंग की अध्यक्ष श्रीमती प्रेमिन संतराम बर्मन तथा मंडल समोदा के अध्यक्ष देवकुमार साहू उपस्थित रहेंगे।दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 11 बजे संत समाज व ग्रामवासियों द्वारा ज्योति प्रज्वलन के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे श्रीमती तारा कुलकर्णी (मोर छत्तीसगढ़ धरोहर) की प्रस्तुति होगी। शाम 6 बजे सेतखाम में पूजा-अर्चना व पालो चढ़ाने के उपरांत शाम 6:30 बजे अतिथियों का आगमन एवं स्वागत होगा। तत्पश्चात शाम 7 बजे ‘सत के अंजोर’ विद्यार्थी पंथी पार्टी (मोंहगांव) की प्रस्तुति और 7:30 बजे अतिथियों का उद्बोधन होगा। रात्रि 8 बजे डॉ. राजेन्द्र मिलन रंगीला (लोककला मंच) और रात्रि 11 बजे पद्मश्री उषा बारले (ज्ञान श्रोत) की विशेष सांस्कृतिक व आध्यात्मिक प्रस्तुति होगी।आयोजक समिति के संरक्षक राजकुमार बघेल, अध्यक्ष रमेश (गोलू देवान) एवं सरपंच भोजराम साहू ने क्षेत्र के समस्त संत समाज एवं मानव समाज से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
विनोद गुप्ता-आरंग



