गुप्ता समाज महिला मंडल का सावन मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न-मनोरंजक गतिविधियों का हुआ आयोजन
आरंग। स्थानीय खरोरा रोड स्थित विवाह वाटिका भवन में गुप्ता समाज महिला मंडल द्वारा सावन मिलन उत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस उत्सव में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का आनंद उठाया। समारोह में पारंपरिक सावन झूला और मनमोहक साज-सजावट मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं और युवतियों के लिए विभिन्न प्रकार के रोचक गेम्स, सांस्कृतिक नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन हुआ। सभी उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं और स्वादिष्ट लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रतिभा गुप्ता सहित सभी संरक्षिकाओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।मंच का सफल एवं प्रभावी संचालन श्रीमती विजयलक्ष्मी गुप्ता और श्रीमती श्रद्धा गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



