लोकार्पण के बाद भी शुरू नहीं हुआ आत्मानंद स्कूल भवन में संचालन-दो पालियों में ही लग रही कक्षाएं….
आरंग।समोदा नगर पंचायत में नवीन स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने के बाद भी अब तक नए भवन में विद्यालय का संचालन शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में विद्यालय दो पालियों में संचालित हो रहा है।विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए नवीन भवन को शीघ्र संबंधित विभाग को हैंडओवर कर उसमें नियमित कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग की गई है।इस संबंध में शाला विकास समिति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत समोदा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मांग पत्र सौंपा। मांगपत्र में कहा गया है कि कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया द्वारा स्वीकृत नवीन स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल भवन का लोकार्पण पिछले दिनों मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका है। इसके बावजूद भवन का शैक्षणिक उपयोग शुरू नहीं होना विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था के हित में उचित नहीं है।मांगपत्र में बताया गया कि वर्तमान में स्कूल दो पालियों में संचालित होने के कारण विद्यार्थियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नए भवन में पर्याप्त सुविधाओं के साथ कक्षाएं शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। साथ ही दो पालियों में स्कूल संचालन की समस्या भी समाप्त हो सकेगी।शाला विकास समिति एवं स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि भवन से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं तत्काल पूरी कर उसे शिक्षा विभाग को हैंडओवर किया जाए, ताकि नए भवन में जल्द से जल्द नियमित कक्षाएं शुरू हो सकें।आवेदनकर्ताओं ने कहा कि भवन का निर्माण और लोकार्पण होने के बाद भी यदि उसका उपयोग नहीं किया जाता है तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों की सुविधा पर पड़ता है। इसलिए प्रशासन को विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भवन हैंडओवर की प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए।मांगपत्र सौंपने के दौरान शाला विकास समिति अध्यक्ष घनश्याम साहू, कुलदीप वर्मा, मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आजुराम वंशे, नंदकुमार साहू, पूर्व उपाध्यक्ष शिव साहू, पूनमचंद साहू, नारायण कुर्रे, दौलत निषाद, दोशन चक्रधारी, मोतीलाल चक्रधारी, अशोक निषाद और मनोज साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



