13 से 27 अगस्त तक संस्कृत उत्सव, स्कूलों में निकलेंगी शोभा यात्राएं
आरंग।छत्तीसगढ़ संस्कृत शिक्षा सेवा संस्थान, बिलासपुर के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा के संरक्षण व संवर्धन हेतु 13 से 27 अगस्त तक 15 दिवसीय विशाल ‘संस्कृत महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। श्रावण शुक्ल प्रतिपदा से श्रावण पूर्णिमा तक चलने वाले इस राज्यस्तरीय महोत्सव में देशभर के प्रतिष्ठित संस्कृतविद्, आचार्य एवं विषय विशेषज्ञ ऑनलाइन व्याख्यान देंगे।इस दौरान प्रदेश भर के विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न संस्कृत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।रायपुर जिले की संस्कृत बोर्ड सचिव एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खौली में पदस्थ वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती निर्मला पांडेय की विशेष पहल पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रायपुर द्वारा जिले के सभी प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।प्रशासन द्वारा जिले के सभी स्कूलों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने विद्यालयों में संस्कृत महोत्सव के दौरान ‘संस्कृत शोभायात्रा’ निकालें और विद्यार्थियों व शिक्षकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें।संस्कृत बोर्ड की जिला सचिव श्रीमती व्यास पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी 34 जिलों में संस्कृत दिवस उत्सव का यह ऑनलाइन आयोजन 13 से 27 अगस्त तक धूमधाम से चलेगा। इसी क्रम में सभी विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधान पाठक, शिक्षक और संस्कृत अनुरागी अपने-अपने स्कूलों में रक्षाबंधन पर्व के तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक श्रावण मास के पावन अवसर पर भव्य संस्कृत उत्सव का आयोजन करेंगे।
विनोद गुप्ता-आरंग



