लंबित मांगों को लेकर इन्होंने घेरा विधानसभा-आर-पार की लड़ाई का ऐलान
आरंग। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के आह्वान पर अपनी लंबित और जायज मांगों को लेकर शिक्षकों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। फेडरेशन द्वारा राजधानी रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव महाआंदोलन में आरंग विकासखंड के 800 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरी ताकत के साथ हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान एकजुट हुए शिक्षकों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की पुरजोर मांग की।आंदोलन की कमान संभाल रहे फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष धरम दास पाटिल के नेतृत्व में आरंग से शिक्षकों का एक विशाल जत्था विधानसभा घेराव के लिए रवाना हुआ। इस महाआंदोलन में आरंग ब्लॉक के शिक्षकों की भारी उपस्थिति ने न केवल संगठन की एकजुटता को दर्शाया, बल्कि अपनी जायज मांगों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को भी साफ तौर पर रेखांकित किया।इन प्रमुख मांगों पर अड़े शिक्षक
आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने अपनी कई लंबित मांगों को प्रमुखता से शासन के समक्ष रखा। आंदोलनकारियों की मुख्य मांग वर्षों से लंबित वेतन विसंगति का तत्काल निराकरण करने की है। इसके साथ ही शिक्षकों ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयानुसार पदोन्नति में वरिष्ठता के नियम का कड़ाई से पालन करने, प्रथम नियुक्ति तिथि से ही पूर्ण सेवा लाभ प्रदान करने तथा टीईटी (TET) की अनिवार्यता को समाप्त कर पूर्ण सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।ब्लॉक अध्यक्ष धरम दास पाटिल ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि शिक्षक वर्षों से अपनी न्यायोचित मांगों के निराकरण की राह देख रहे हैं, लेकिन शासन का रवैया उदासीन बना हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने शीघ्र ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इस आंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप देने के लिए मजबूर होगा।इस विशाल प्रदर्शन को सफल बनाने में आरंग विकासखंड के कई वरिष्ठ शिक्षक नेताओं और पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रदर्शनकारियों में प्रमुख रूप से गिरजा शंकर देवांगन, राजमोहन श्रीवास्तव, विमल चंद सोनवानी, भीखम टंडन, अमित अग्रवाल, गुलाब साहू, गरीबा साहू, तुकाराम साहू, देव गायकवाड़, तोरण साहू, विश्राम प्रसाद बंजारे, सुधीर आचार्य, शेखर घृतलहरे, अर्चना शर्मा, चन्द्रशेखर साहू, उत्तम सिंह बंजारे, अरुण कुमार पटेल, राजकुमार नारंग, शिव कुमार खांडे, घनश्याम धृतलहरे, राम कुमार ध्रुव, हुमन लाल साहू और महेंद्र कुमार साहू सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग




