ग्राम झारा के भारती टंडन हत्याकांड की निष्पक्ष जांच एवं शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

खल्लारी/ थाना खल्लारी क्षेत्रांतर्गत विगत दिनों 19 जुन की रात ग्राम झारा में हुई भारती टंडन पिता श्याम लाल टंडन की नृशंस हत्या से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। इस हत्याकांड में पुलिस की अब तक की कार्यवाही से पीड़ित परिवार एवं ग्रामवासी संतुष्ट नहीं हैं।

इसी क्रम में आज बड़ी संख्या में ग्राम झारा के ग्रामीण एवं सतनामी समाज के लोग खल्लारी थाना पहुंचे। थाना प्रभारी से घंटों चली चर्चा में ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यवाही पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि भारती टंडन को हत्या की रात आरोपी पुष्पेंद्र सेन पिता संतोष सेन के साथ आखिरी बार देखा गया था, लेकिन पुलिस ने केवल एक नाबालिग लड़के को आरोपी बनाया है। ग्रामीणों ने तर्क दिया कि रात के अंधेरे में एक अकेला नाबालिग द्वारा हत्या कर शव को दूर ले जाकर रेत में दफनाना और साक्ष्य मिटाना संभव नहीं है। साथ ही नाबालिग के पिता का यह कहना कि घटना की रात लड़का उनके साथ था, पुलिस की थ्योरी पर संदेह पैदा करता है। इससे स्पष्ट है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक व्यक्ति शामिल हैं।
ग्रामीणों व सतनामी समाज ने ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि प्रकरण की जिला स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से सूक्ष्म एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही इस हत्या से जुड़े सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्यवाही नहीं हुई तो समाज व ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
