शातिर चोर गिरफ्तार, 32 लाख से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद

महासमुंद पुलिस को जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे एवं ज्वेलरी दुकानों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी घर के बाहर ईंट, गिट्टी और निर्माण कार्य चलता देख ऐसे मकानों को निशाना बनाता था। आरोपी सूने मकानों में चोरी नहीं करता था, बल्कि उन घरों में वारदात करता था जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद रहते थे। आरोपी कम कीमत में छड़ और सीमेंट दिलाने का लालच देकर घर में प्रवेश करता था और मौका मिलते ही आलमारी में रखे जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था।
मामले में प्रार्थी ओमप्रकाश ठाकुर निवासी ग्राम बगारपाली थाना तेंदुकोना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और छड़ का पैसा मांगने लगा। इसी दौरान आरोपी ने आलमारी की चाबी ढूंढकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने का हार, रानी हार, लॉकेट, झुमका, अंगूठी, बाली, पायल, करधन और बिछिया शामिल थे।
लगातार एक जैसे तरीके से चोरी की घटनाएं सामने आने पर महासमुंद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद पिता गणेश राम निषाद उम्र 38 वर्ष निवासी चंदली थाना चंद्रपुर जिला सक्ति को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बगारपाली समेत कोमाखान, सांकरा, तेंदुकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली क्षेत्र में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी चोरी के जेवर अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में बेच देता था। आरोपी की निशानदेही पर पिथौरा और भंवरपुर के ज्वेलरी दुकानों से चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 163.310 ग्राम सोने के आभूषण कीमत 25 लाख 52 हजार 200 रुपये, 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण कीमत 6 लाख 41 हजार 700 रुपये, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल बरामद संपत्ति की कीमत 32 लाख 38 हजार 900 रुपये बताई गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ दुर्ग, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले न्यायिक रिमांड के दौरान जिला अस्पताल से फरार होकर पंजाब भाग गया था। बाद में वापस लौटकर महासमुंद जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
