निःशुल्क एक्स-रे जांच शिविर सम्पन्न-125 मरीजों ने लिया लाभ
आरंग। ग्राम गोढ़ी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ‘100 डेज़ निक्षय निरामय अभियान’ के तहत एक दिवसीय निःशुल्क एक्स-रे जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करना और टीबी (क्षय रोग) के संभावित मरीजों की पहचान कर उनका समय पर इलाज सुनिश्चित करना है।ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शिविर में कुल 125 लोगों का ओपीडी पंजीयन किया गया। इनमें से 106 लोगों की एक्स-रे जांच की गई, जबकि 44 लोगों के स्पुटम (बलगम) के नमूने एकत्र किए गए। एकत्र किए गए नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर टीबी के संदिग्ध मरीजों का आगे का उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में ‘सोसायटी ऑफ कम्युनिटी ओरिएंटेड ऑपरेशनल लिंक SCHOOL की टीम के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), ग्रामीण स्वास्थ्य आयोजक (RHO), ग्राम सरपंच और मितानिन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिविर को सुचारू रूप से संचालित किया और ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूक भी किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



