27 अप्रेल को गौ सम्मान दिवस-गौ भक्तो द्वारा आरंग में प्रतिदिन की जा रही है गौ-आरती और प्रभातफेरी का आयोजन…
आरंग।धर्म नगरी आरंग के शनि मंदिर एवं हनुमान मंदिर (नेताजी परिसर) में बीती शाम श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। गौ-माता के संरक्षण, सम्मान और गौ-वंश को राष्ट्र की शक्ति के रूप में स्थापित करने के ‘राष्ट्रीय संकल्प अभियान’ के तहत समस्त सनातनी आरंग वासियों द्वारा एक भव्य गौ-आरती एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माधव-कन्हैया के प्रिय भजनों के साथ हुआ। ‘गाय हमारी शक्ति है, गौ-माता का संरक्षण राष्ट्र की सच्ची भक्ति है’ जैसे नारों और भजनों ने परिसर में उपस्थित प्रत्येक भक्त के भीतर गौ-सेवा के प्रति अटूट विश्वास भर दिया। भजनों के बीच-बीच में भक्तों ने ‘गाय हमारी माता है, गौ-हत्या पाप है’ के गगनभेदी उद्घोष किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और संकल्पबद्ध हो गया।सैकड़ों की संख्या में जुटे गौ-भक्तों ने दीप प्रज्ज्वलित कर गौ-माता की भव्य आरती उतारी। आरती के पश्चात सभी उपस्थित सनातनी आरंग वासियों ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि वे न केवल गौ-वंश की रक्षा करेंगे, बल्कि समाज में गौ-माता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य भी करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ-वंश को सड़कों पर निराश्रित होने से बचाना और उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना है।आयोजन में वक्ताओं ने भगवान श्री कृष्ण के संदेशों का स्मरण कराते हुए कहा कि जिस राष्ट्र में गौ-माता सुरक्षित और पूज्य है, वह राष्ट्र स्वतः ही समृद्ध और शक्तिशाली बनता है। आरंग वासियों का यह प्रयास केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।ज्ञात हो कि 20अप्रैल से प्रभात फेरी गौ रथ एवं संध्या आरती का आयोजन हो रहा है तथा 27 अप्रैल को गौ सम्मान दिवस के अवसर पर गौ भक्तो द्वारा आरंग में भव्य संकीर्तन यात्रा निकाली जाएगी जिसकी व्यापक तैयारी चल रही है।
विनोद गुप्ता-आरंग



