आवराडाबरी में बड़ा हादसा टला, स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलटी, 7 लोग सुरक्षित

महासमुंद/आवराडाबरी। मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे आवराडाबरी स्थित पेट्रोल पंप बजरंगबली के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के समय स्कॉर्पियो में महिला, पुरुष और बच्चों सहित कुल 7 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार में चल रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते ही पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर मदद की।
घटना के बाद औपचारिकता के तौर पर सभी यात्रियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच की गई। सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग चंपारण डंगनिया से नर्रा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान आवराडाबरी के पास यह दुर्घटना हुई।
