कर्मा जयंती के अवसर पर कल शनिवार को यहां होगा आदर्श विवाह का आयोजन….

आरंग। साहू समाज रीवां परिक्षेत्र के तत्वाधान में ग्राम रीवां में शनिवार (28 मार्च) को परिक्षेत्र स्तरीय संत शिरोमणि भक्त माँ कर्मा जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है।समारोह में परिक्षेत्र के 28 गावो के समाज जन उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ-साथ आदर्श विवाह का भी आयोजन किया जाएगा, जो समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने का संदेश देगा।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुरु खुशवंत साहेब शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथियों में साहू समाज के विभिन्न पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जिनमें देवनाथ साहू, द्वारिका साहू, डॉ. दुजे साहू, फागु लाल साहू, तोषण साहू, सोहन साहू सहित विभिन्न परिक्षेत्रों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण शामिल हैं।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे से भव्य शोभायात्रा के साथ होगी, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसके पश्चात पैरी सरगम पण्डवानी (गरियाबंद) की प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर 01 बजे अतिथियों का स्वागत एवं उद्बोधन होगा, जबकि दोपहर 02 बजे से शाम 06 बजे तक महाभंडारा का आयोजन किया जाएगा।विशेष आकर्षण के रूप में समाज द्वारा आदर्श विवाह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सरल एवं बिना आडंबर के वैवाहिक संस्कार संपन्न कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया जाएगा। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में महतारी के कोरा लोक कला मंच, देवरगांव (जिला बेमेतरा) द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।यह संपूर्ण आयोजन माँ कर्मा मंदिर प्रांगण, रीवां (लखौली) में संपन्न होगा। आयोजकों ने समस्त स्वजाति बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
विनोद गुप्ता-आरंग





