पीएम श्री स्कूल में बच्चों ने रंग-गुलाल लगाकर खेली होली

आरंग। आरंग विधान सभा के ग्राम भानसोज स्थित पीएम श्री स्कूल भानसोज में होलिका पर्व उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद शिक्षकों ने बच्चों को होलिका दहन के महत्व एवं बुराई पर अच्छाई की विजय की कथा से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने रंगों के इस त्योहार को शालीनता और अनुशासन के साथ मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।विद्यालय के प्रधानपाठक धरमदास पाटिल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने बच्चों को प्राकृतिक रंगों के उपयोग तथा सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की सीख दी।इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर “बुरा न मानो होली है” की भावना के साथ एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। पूरे विद्यालय परिसर में हंसी-खुशी और रंगों की छटा बिखरी रही।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया। इस आयोजन ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी और विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग



