‘एकता दौड़’ में दौड़े छात्र और पुलिस-वृक्षारोपण कर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश..

आरंग। गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘एकता दौड़’ एवं ’वृक्षारोपण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आरंग पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी रही।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्राचार्य हरेश कुमार दास द्वारा सरदार पटेल एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सभी ने सम्मिलित रूप से भारत देश की एकता और अखंडता, समृद्धि बनाए रखने हेतु शपथ ली। इसके पश्चात वृक्षारोपण किया गया, जिसमें पुलिस टीम एवं विद्यालय परिवार ने मिलकर नीम, पीपल, गुलमोहर जैसे छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

‘एकता दौड़’ की शुरुआत विद्यालय के संचालक ने हरी झंडी दिखा कर की। दौड़ में आरंग थाना की पुलिस टीम ने भी विशेष रूप से भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने न केवल दौड़ में भाग लिया, बल्कि छात्रों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं कानून व्यवस्था के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश भी दिए। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को एक नई ऊंचाई प्रदान की। सभी ने उत्साहपूर्वक “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया।

विद्यालय के संचालक यशवंत कुमार चतुर्वेदी ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं विशेष रूप से आरंग थाना की पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में राष्ट्रीय भावना, सामाजिक एकता एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग




