संघ शताब्दी वर्ष पर विजयादशमी उत्सव-शस्त्र पूजन एवं विराट पथ संचलन का आयोजन-कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

आरंग।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडल समोदा में रविवार को शस्त्र पूजन और भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर समोदा मंडल के विभिन्न ग्रामों से आए 76 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह क्षण केवल संघ के लिए ही नहीं, अपितु पूरे नगर और समाज के लिए भी गर्व का विषय बना। स्वयंसेवकों के घोष की ताल पर कदम से कदम मिलाते हुए नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।मुख्य अतिथि के रूप में ईश्वर निषाद भूतपूर्व सैनिक ने कहा कि “संघ का शताब्दी वर्ष राष्ट्र निर्माण में संघ के स्वयंसेवकों को एक सैनिक की भांति सतत कार्य, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि संघ की प्रेरणा से समाज में एकता, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना निरंतर सशक्त हो रही है। संचलन और शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के मुख्य वक्ता चिनीलाल चंद्रा सह कार्यवाह आरंग खंड ने अपने उद्बोधन में ‘संघ पंच परिवर्तन’ और संघ के समृद्ध इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संघ शताब्दी वर्ष में सात विशेष कार्यों को लेकर समाज में व्यापक जनजागरण का अभियान चला रहा है।
उन्होंने बताया कि संघ भारत में सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक सद्भाव के लिए निरंतर कार्यरत है। संघ के विभिन्न प्रेरणादायी संगठन- विद्या भारती, सेवा भारती, ग्राम भारती, क्रीड़ा भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी और राष्ट्रीय सेविका समिति जैसे संगठनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक के 100 वर्षों में संघ ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने और समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शताब्दी वर्ष का यह उत्सव संघ की इसी गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है।इस कार्यक्रम में कुलदीप धीवर (उपखंड कार्यवाह समोदा), लुकेश साहू (उपखंड सह पालक),आनंद वैष्णव ( मंडल कार्यवाह) के साथ सभी स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ अनेक अनुसांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत पुष्पवर्षा तथा भारत मां की जयघोष की गूंज एकता का संदेश देते हुए किए कदमताल पथ संचलन में 70 से अधिक स्वयंसेवक शामिल हुए। संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। वही छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ विविध संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोश और उमंग के साथ संचलन का स्वागत पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ तथा मार्ग में जगह-जगह महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वयंसेवकों की अनुशासित चाल, एक समान गणवेश ने नगरवासियों भी अभिनन्दन किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



