यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्ध एवं खुशहाल बनाने का संकल्प है : योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद। मंगलवार को छत्तीसगढ़ सरकार में वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने विधानसभा में छत्तीसगढ़ सरकार का वर्ष 2026- 27 का बजट प्रस्तुत किया। पिछले वर्ष बजट का आकार एक लाख 65 हजार करोड़ रुपए था, जो इस वर्ष बढ़कर एक लाख 72 हजार करोड़ रुपए हो गया है। वर्ष 2026-27 के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए महासमुंद के युवा विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्ध एवं खुशहाल बनाने का संकल्प है। इस बजट से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। बजट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ पी चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
बजट के संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि यह बजट राज्य को तेजी से विकास के पथ पर ले जाने वाला बजट है। यह नवाचार, अधोसंरचना और समावेशी विकास को प्राथमिकता देने वाला बजट है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारी सरकार ने कई प्रमुख घोषणाओं को पूरा करने के लिए भी बजट प्रावधान किया है। यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट – छत्तीसगढ़ अंजोर, 2047 के लक्ष्यों की पूर्ति एवं राज्य की सतत् विकास यात्रा में उठाया गया एक कदम है। हमारी सरकार ने पहले बजट में ज्ञान (GYAN) के उत्थान की आधारशिला रखी, वहीं दूसरे बजट में गति (GATI) की रणनीति से प्रदेश के समग्र विकास को तीव्र करने की बात कही गई थी। वर्तमान बजट संकल्प (SANKALP) थीम पर आधारित है। इसका अर्थ समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, लाईवलीहुड, पॉलिसी से परिणाम तक है।
प्रमुख विभागों को प्रावधान
इस बजट में अलग अलग विभागों के लिए करोड़ों रुपए का प्रावधान किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग हेतु 22360 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास हेतु 16560 करोड़, कृषि हेतु 13507 करोड़, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति हेतु 12820 करोड़, महिला एवं बाल विकास हेतु 11000 करोड़, लोक निर्माण हेतु 9451 करोड़, ऊर्जा हेतु 9015 करोड़, गृह विभाग हेतु 8380 करोड़, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा हेतु 8050 करोड़, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी हेतु 3890 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
नई योजनाओं की घोषणा
बजट में नई जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की गई है। इनमें विकसित भारत जी राम जी योजना, मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना, कैशलैस चिकित्सा सुविधा, सीजी वायु, रानी दुर्गावती योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना, लखपति दीदी भ्रमण योजना, मुख्यमंत्री आस्था पथ योजना, छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं में आर्थिक सहायता हेतु योजना शामिल है।
महासमुंद जिले को मिली बजट से करोड़ों की सौगात
बजट में महासमुंद जिले से संबंधित दो बड़ी योजनाओं के लिए बजट की घोषणा की गई है। इनमें सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त महानदी पर मोहमेला-सिरपुर बैराज निर्माण हेतु 690 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई है। इसके अलावा नर्सिंग कालेज महासमुंद की स्थापना, द्रुतगामी सड़क सम्पर्क योजना के अंतर्गत कसडोल से गरियाबंद मार्ग का निर्माण होगा, जो बागबाहरा होते हुए जाएगा। झलप – रायतुम – अचानकपुर मार्ग के लिए 15 करोड़ रुपए का प्रावधान, जोबा से पीढ़ी-सिरपुर सड़क एवं पुल निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र बिरकोनी में औद्योगिक विकास कार्य, होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र अंतर्गत सिरपुर में ग्लोबल मेडिटेशन सेंटर, म्यूजियम, महानदी तट पर रिवर फ्रंट, जन सुविधा के विकास, वृहद सड़कों का निर्माण होगा, जिसके लिए कुल 36 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

