Blog

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन, विचार और कृतित्व युगों तक भारत को दिशा देता रहेगा – येतराम साहू


भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन, विचार और कृतित्व युगों तक भारत को दिशा देता रहेगा – येतराम साहू


महासमुंद।
भारतीय जनता पार्टी महासमुंद के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान राष्ट्रद्रष्टा थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सुशासन को समर्पित रहा। अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति में शुचिता, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता का प्रतीक था।
श्री साहू ने कहा कि अटल जी ने विषम परिस्थितियों में भी देश को एक नई दिशा दी। उन्होंने राजनीति में मर्यादा, संवाद और सहमति की परंपरा को सुदृढ़ किया। विपक्ष के प्रति सम्मान, लोकतंत्र के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना उनके नेतृत्व की विशेष पहचान रही।


उन्होंने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत को सामरिक रूप से सशक्त बनाया गया, वहीं स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी योजनाओं ने देश के बुनियादी ढाँचे को मजबूती प्रदान की। इन योजनाओं से आर्थिक विकास को गति मिली और ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
जिलाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि अटल जी की विदेश नीति संतुलित, दूरदर्शी और राष्ट्रहित पर आधारित थी। पड़ोसी देशों के साथ संवाद, विशेषकर बस यात्रा के माध्यम से शांति का संदेश देना, उनके उदार किंतु दृढ़ नेतृत्व को दर्शाता है। वे शांति के पक्षधर थे, परंतु देश की सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि अटल जी एक संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और प्रखर विचारक भी थे। उनकी कविताओं और भाषणों में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदना और जीवन मूल्यों की झलक मिलती है, जो आज भी देशवासियों और युवाओं को प्रेरित करती है।
श्री साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का सपना सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक मूल्यों से युक्त भारत का था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी उसी संकल्प को आगे बढ़ा रही है। अटल जी के विचार और आदर्श आज भी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं।
अंत में श्री साहू ने कहा कि अटल जी का जीवन और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रनिर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है उक्त जानकारी आनंद साहू, मीडिया प्रभारी द्वारा दी गई है।

Related Articles

Back to top button