प्रेरणा (PRERANA) कार्यक्रम हेतु आरंग के इस छात्र का हुआ चयन-विद्यालय में हर्ष का माहौल
आरंग। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के लिए संचालित ‘प्रेरणा (PRERANA)’ कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री अरुंधति देवी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, आरंग के कक्षा 12वीं (गणित संकाय) के मेधावी छात्र आदित्य सच कपूर का चयन हुआ है।इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को गुजरात के वडनगर स्थित ऐतिहासिक विद्यालय में एक सप्ताह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास तथा जीवन कौशल का विकास करना है, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
विद्यालय परिवार ने आदित्य सच कपूर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष खिलेश धुरंधर एवं प्राचार्य श्रीमती संध्या रानी बारीक ने आदित्य को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आदित्य इस कार्यक्रम से प्राप्त अनुभवों का लाभ उठाकर विद्यालय, समाज एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करेगा।विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी आदित्य सच कपूर को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विनोद गुप्ता-आरंग




