ग्राम पंचायत कार्यालय भोरिंग में चोरों का धावा, 40 हजार नगदी सहित टीवी ले उड़े

महासमुंद। ग्राम पंचायत भोरिंग के कार्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 40 हजार रुपए नगद और एक टीवी चोरी कर लिया। चोर पंचायत भवन के दरवाजे में लगे वेल्डिंग हुक को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कार्यालय के लॉकर को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ले गए।
सुबह ग्रामीणों और पंचायत पदाधिकारियों के कार्यालय पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला। पंचायत भवन का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर अलमारी के लॉकर का ताला भी टूटा मिला और कार्यालय में रखा टीवी गायब था। चोरों ने अलमारी और काउंटर टेबल में रखे दस्तावेजों और रिकॉर्ड को भी खंगाला।
बताया जा रहा है कि पंचायत कार्यालय परिसर में पंचायत कर्मी रात में सोते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब होने के कारण वे घर पर आराम कर रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
इसी दौरान पंचायत कार्यालय के नजदीक स्थित शिशु मंदिर में भी ताला टूटने की जानकारी सामने आई है। पंचायत पदाधिकारियों ने तत्काल तुमगांव पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि महासमुंद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कहीं घरों के ताले टूट रहे हैं तो कहीं केबल वायर, नगदी और आभूषण चोरी की वारदात हो रही है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से चोर गिरोह का जल्द पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
