फूलों की बारिश और रेड कार्पेट के बीच शाही अंदाज़ में हुई श्री विघ्नहर्ता की विदाई
आरंग।श्री विघ्नहर्ता परिवार, आरंग के तत्वावधान में गणपति बप्पा की विदाई के अवसर पर भव्य ‘श्री विघ्नहर्ता शाही विसर्जन शोभायात्रा’ का आयोजन किया गया। भारी बारिश के चलते पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था, जिसके बाद शनिवार को दोपहर 03 बजे यह शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।शोभायात्रा के दौरान पंडाल स्थल से लेकर विसर्जन कुंड तालाब तक बप्पा को विशेष रूप से बिछाए गए रेड कार्पेट पर ले जाया गया। इस दौरान रास्ते भर की गई विशेष पुष्पवर्षा, सुसज्जित पालकी और भव्य सजावट ने सबका मन मोह लिया। पूरे मार्ग में गूंजते गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।शाही विसर्जन शोभायात्रा में भक्ति, अटूट श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। भक्तों ने नम और भावुक आंखों से विघ्नहर्ता महाराज को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः पधारने की मंगलकामना की। इस सफल आयोजन में श्री विघ्नहर्ता परिवार के सभी सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। “बप्पा की विदाई हुई है, विराम नहीं… अगले बरस फिर उसी आस्था और उल्लास के साथ बप्पा का स्वागत होगा।”
विनोद गुप्ता-आरंग



