आबादी पट्टों पर उठे सवाल-लगभग 100 के बजाय 345 पट्टे बांटने का आरोप-ग्राम सभा की शिकायत पर कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
आरंग/मंदिर हसौद।ग्राम पंचायत दरबा में तत्कालीन सरपंच श्रीमती रानी सनत पटेल के कार्यकाल के दौरान आबादी पट्टा वितरण को लेकर कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम सभा में प्रस्तुत शिकायत के अनुसार, जहां लगभग 100 आबादी पट्टों का वितरण निर्धारित बताया जा रहा है, वहीं कुल 345 पट्टे वितरित किए जाने की बात सामने आई है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वितरित किए गए अतिरिक्त पट्टों में कुछ पट्टे तत्कालीन सरपंच के सगे-संबंधियों एवं अपात्र व्यक्तियों को दिए गए। साथ ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की भी शिकायत की गई है।
अभिलेखों की जांच की मांग
मामले में कलेक्टर रायपुर को दिए आवेदन में ग्राम पंचायत दरबा में वितरित सभी 345 आबादी पट्टों की सूची, पात्रता सूची, पंचायत प्रस्ताव, पंचनामा, रजिस्टर, आदेश एवं अन्य मूल अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही प्रत्येक पट्टाधारी की पात्रता का नियमानुसार सत्यापन करने और वास्तविक रूप से वितरित पट्टों का सरकारी अभिलेखों से मिलान कराने की मांग की गई है।शिकायत में यह भी मांग की गई है कि जांच में यदि अपात्र व्यक्तियों या सगे-संबंधियों को नियम विरुद्ध पट्टा दिए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित पट्टों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आवेदन में तत्कालीन सरपंच सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोष सिद्ध होने पर अनुशासनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक आबादी पट्टा संबंधी मूल अभिलेख सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है। शिकायतकर्ता पक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग कलेक्टर से की है।
विनोद गुप्ता-आरंग



