प्रेस वार्ता-आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय-सच्चिदानंद उपासने
आरंग। भारत में 25 जून 1975 को लागू आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था और उस दौर में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का खुलकर दमन किया गया था। आपातकाल की 51 साल पूरे होने पर बुधवार को आरंग के स्थानीय नवीन विश्राम गृह में लोकतंत्र सेनानी संघ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने अपनी उक्त बातें रखते हुए बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत देश में आपातकाल घोषित किया था। इसके बाद करीब 21 महीनों तक देश में लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं। चुनाव स्थगित कर दिए गए, नागरिकों के मौलिक अधिकार सीमित कर दिए गए और सरकार की आलोचना करने वालों पर कठोर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान मीडिया पर सेंसरशिप लागू लागू कर कर दी गई थी। समाचार पत्रों की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और सरकार विरोधी खबरों के प्रकाशन पर रोक लगा दी गई। विरोध स्वरूप कई अखबारों ने अपने संपादकीय कॉलम खाली छोड़ दिए थे। इसके बावजूद पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया तथा विभिन्न प्रकार की प्रताड़नाएं दी गईं। उपासने ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी केनिर्वाचन को लेकर दिए गए फैसले के बाद उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों में आपातकाल लागू किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को निलंबित कर दिया गया और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि आपातकाल लागू होते ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण, मोरारजी देसाई, अटल बिहारी वाजपेयी सहित देशभर के हजारों विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को गिरफ्तार कर जेलों में बंद कर दिया गया। लोकतंत्र की रक्षा के लिए लाखों लोगों ने सत्याग्रह किया और जेल यात्राएं कीं। उपासने ने कहा कि आरंग क्षेत्र के वरिष्ठ नेता बृजलाल वर्मा, रामलाल चंद्राकर एवं पुरुषोत्तम कौशिक सहित अनेक लोगों को भी उस समय जेल में डाल दिया गया था। उन्हीं लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रेस वार्ता में भाजपा रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग, नगर पालिका आरंग के अध्यक्ष डॉ संदीप जैन, बीजेपी आरंग मंडल के अध्यक्ष देवनाथ साहू भाजपा रायपुर ग्रामीण जिला-उपाध्यक्ष अभिषेक राजा तंबोली सहित लोकतंत्र सेनानी संघ एवं भाजपा आरंग मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य नागरिक गण उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग



