गणेशोत्सव झांकी को लेकर बैठक सम्पन्न-इस दिन झांकी निकालने सर्वसम्मति से हुआ निर्णय
आरंग। आगामी गणेशोत्सव के दौरान झांकी की तिथि को लेकर चल रहे असमंजस को समाप्त करने एवं सर्वसम्मति से निर्णय लेने हेतु माँ समलेश्वरी मंदिर परिसर में नगर की विभिन्न गणेशोत्सव समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की 26 गणेशोत्सव समितियों के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी समितियों के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श के पश्चात सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि धर्मनगरी आरंग की भव्य गणेश झांकी 25 सितंबर, शुक्रवार, अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर निकाली जाएगी।उपस्थित सदस्यों ने कहा कि आरंग की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को गौरवान्वित करने के लिए इस वर्ष भी झांकी को भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। सभी 26 समितियों ने आयोजन को सफल बनाने हेतु आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में नगरवासियों से गणेशोत्सव एवं झांकी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई।
विनोद गुप्ता-आरंग



