आरंग में युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह’ शुरू-किसान विरोधी नीतियां रद्द करने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
आरंग। केंद्र सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों और विवादित ट्रेड डील्स के खिलाफ रायपुर जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस ने आरपार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। युवा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया,सह प्रभारी मोनिका मांडरे के निर्देश पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया एवं युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के मार्गदर्शन में गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र में “किसान न्याय सत्याग्रह” के प्रथम दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में उपस्थित युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों के हितों की रक्षा के लिए संकल्प लिया।सत्याग्रह को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रवक्ताओं और नेताओं ने केंद्र सरकार की हालिया व्यापारिक संधियों (Trade Deals) पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ये ट्रेड डील्स और कुछ नहीं, बल्कि “काले कृषि कानून 2.0” का ही एक नया और भयावह रूप हैं। आरोप लगाया गया कि इन समझौतों के माध्यम से देश के अन्नदाता की आजीविका को कॉरपोरेट घरानों के हाथों गिरवी रखने की साजिश रची जा रही है।सत्याग्रह के दौरान युवा कांग्रेस ने दो सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर अपना पक्ष रखा है।जिसमें युवा कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों को उनकी फसल का उचित दाम दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को तत्काल कानूनी दर्जा दिया जाए, ताकि कोई भी किसानों का शोषण न कर सके।साथ ही सरकार द्वारा किए जा रहे उन सभी व्यापारिक समझौतों को रद्द करने की मांग की गई, जो स्थानीय किसानों के बाजार और मुनाफे को प्रभावित कर रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद युवा नेताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार लगातार किसानों के स्वाभिमान को चोट पहुँचा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार अपनी किसान विरोधी नीतियों को वापस नहीं लेती, युवा कांग्रेस का यह सत्याग्रह और आंदोलन थमने वाला नहीं है। युवा कांग्रेस ग्रामीण के जिलाध्यक्ष सजल चंद्राकर ने कहा कि -“किसानों का अपमान अब बर्दाश्त से बाहर है। यह लड़ाई सिर्फ आरंग या रायपुर की नहीं, बल्कि देश के हर उस हाथ की है जो मिट्टी से सोना उगाता है। हम ‘काले कृषि कानून 2.0’ को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे।पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर सजल चंद्राकर खिलावन निषाद , शरद गुप्ता , ईश्वर पटेल , आर्यन जोशी , गणेश बंधे , भरत लोधी , दीपक चंद्राकर , पारस चंद्राकर , उपेंद्र साहू , कुलदीप लोधी , सौम्या सोनी , दीपांकन यादव , नरसिंह लोधी , विवेक जलक्षत्री, मनीष जलक्षत्री , तरुण मिश्रा , प्रणय कंडरा सहित रायपुर ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, आरंग विधानसभा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानो ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई।
विनोद गुप्ता-आरंग




