सरस्वती शिशु मंदिर आरंग में भव्य गणेश उत्सव-भगवान श्री गणेश को अर्पित किया गया ‘छप्पन भोग’
आरंग।आरंग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में गणेश उत्सव का पर्व बेहद भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को विद्यालय में विशेष आयोजन करते हुए भगवान श्री गणेश जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान में विद्यालय के पदाधिकारियों, आचार्यों और भैया-बहनों ने पूरी श्रद्धा के साथ भाग लिया।
विधि-विधान से हुआ पूजन और अनुष्ठान
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ कर संपन्न किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर हेडगेवार बाल कल्याण समिति आरंग के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, व्यवस्थापक राजेश साहू और सह सचिव तेजराम जलक्षत्री तथा विद्यालय के प्रधनाचार्य गोविन्द साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आराधना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
भव्य सामूहिक आरती और गणेशोत्सव का महत्व
पूजा-अर्चना के पश्चात विद्यालय के आचार्यगणों और भैया-बहनों द्वारा भगवान गणेश की भव्य सामूहिक आरती की गई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। इस दौरान भैया-बहनों को भगवान गणेशोत्सव मनाए जाने के पौराणिक महत्व और इसकी परंपरा की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
इस पावन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने सभी आचार्यों और भैया-बहनों को गणपति उत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं, साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



