गौठान में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन पूजा-65 गौ-माता को खिलाई खिचड़ी
आरंग। गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर मंगलवार को ग्राम पंचायत लखौली स्थित गौठान में श्रद्धा, भक्ति और गौ-सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर ग्रामवासियों ने एकत्रित होकर विधि-विधान के साथ गौ-माता की पूजा-अर्चना की और गौठान में ठहरी 65 गौ-माता को बड़े ही प्रेम और भाव के साथ खिचड़ी का भोग लगाकर उन्हें खिलाया।सुबह से ही गौठान परिसर में ग्रामीणों का जुटना शुरू हो गया था। गोवर्धन पूजा की परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी ने गौ-माता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और उनकी सुख-समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। ग्रामीणों का मानना है कि गौ-सेवा से बढ़कर कोई पुण्य नहीं है और गोवर्धन पूजा जैसे पर्व हमें प्रकृति और पशुधन के संरक्षण का संदेश देते हैं।इस पुनीत कार्य में ग्राम के सरपंच हिरामन साहू ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वयं अपने हाथों से गौ-माता को खिचड़ी परोसकर सेवा कार्य की शुरुआत की। उनके साथ ग्राम के प्रमुख नागरिक एवं ग्रामीणजन जिनमें रत्थु साहू, मोहन साहू, संतराम साहू, भाऊ धीवर, पुन्नू लहरी, बल्लू ओगरे, चंदु यादव, बल्लू यादव, राकेश लहरी सहित बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया और गौ-सेवा का संकल्प लिया।पूरे कार्यक्रम के दौरान गौठान परिसर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल से सराबोर रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग





