आरंग में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान कैंप संपन्न-चिकित्सकों का हुआ सम्मान-रक्तदाताओं को मिला प्रशस्ति पत्र
आरंग। श्री मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति, लोधी पारा आरंग के तत्वावधान में बुधवार को लोधी पारा दुर्गा गुड़ी के पास भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं रक्तदान कैंप का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श, जांच व दवाइयों का लाभ उठाया, साथ ही युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। शिविर में पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों—शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. सागर स्वर्णकार, जनरल फिजिशियन डॉ. रामेश्वर लाल चौहान, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा सिंह, दंत चिकित्सक डॉ. यश गुप्ता, मनोरोग विशेषज्ञ एवं टीबी विभाग से नीलिमा पांडे का गणेशोत्सव समिति के सदस्यों द्वारा श्रीफल एवं भगवान श्री गणेश जी का छायाचित्र भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। चिकित्सकों ने समिति के इस सामाजिक व मानव सेवा के पुनीत कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की।वहीं, रेडक्रॉस ब्लड बैंक रायपुर के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा ब्लड बैंक का प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया और उनके इस जीवनदायी योगदान के लिए आभार जताया गया।कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।
विनोद गुप्ता-आरंग



