मुख्यमंत्री देंगे आरंग विधानसभा को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात-कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने की तैयारियों की समीक्षा
आरंग।आरंग विधानसभा क्षेत्र के निरंतर विकास और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आगामी 6 जुलाई को नगर पंचायत समोदा में एक भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह का आयोजन होने जा रहा है। इस महा-आयोजन को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने सर्किट हाउस (सिविल लाइन, रायपुर) में अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली।बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं अन्य वरिष्ठ राजनेताओं के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस कार्यक्रम की सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य प्रोटोकॉल को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वरिष्ठ नेताओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए गरिमामय और भव्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ डोम, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति, वीआईपी मूवमेंट, और आम जनता के बैठने व आवागमन के लिए चाक-चौबंद इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए।समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र की जनता से किया गया विकास का हर वादा हमारी प्राथमिकता है। 6 जुलाई को समोदा में होने जा रहा यह कार्यक्रम क्षेत्र की प्रगति में एक नया मील का पत्थर साबित होगा। जनसेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही हमारा एकमात्र संकल्प है।
समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश:- लोकार्पण और भूमिपूजन से जुड़े सभी विभागीय कार्यों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान:- कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और आमजन को कोई असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को रूट चार्ट तैयार करने को कहा गया है।
विभागीय समन्वय: लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग, और स्थानीय प्रशासन को आपसी तालमेल के साथ काम करने की हिदायत दी गई।
इस भव्य आयोजन से आरंग विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होने जा रही है, जिससे क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।इस बैठक में क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन के आला अफसर और विभागीय प्रमुख मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



