छग युवा कांग्रेस चुनाव का बजा बिगुल-10 लाख से अधिक सदस्य चुनेंगे नई टीम-एक वोटर को 6 पदों के लिए मिलेगा मतदान का मौका-जाने चुनावी प्रक्रिया…
आरंग। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर बना संशय समाप्त हो गया है। प्रदेश में चुनावी मतदान की पूरी प्रक्रिया आज 30 अगस्त से शुरू होकर 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। यह चुनाव पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराया जाएगा। मतदान की प्रक्रिया शुरू होते ही संगठन के भीतर दावेदारों और कार्यकर्ताओं की सियासी हलचल तेज हो गई है।
10 लाख से अधिक युवा करेंगे फैसला
जानकारी के अनुसार इस चुनाव में प्रदेशभर के 10 लाख से अधिक पात्र व वैध सदस्य मतदान कर सकेंगे। चुनाव के जरिए संगठन में ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक नई नेतृत्व टीम का गठन होगा।
एक सदस्य डालेगा 6 वोट
इस संगठनात्मक चुनाव की प्रमुख विशेषता यह है कि प्रत्येक पात्र सदस्य को कुल 6 अलग-अलग पदों के लिए वोट डालना होगा:
प्रदेश स्तर: प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव
जिला स्तर: जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव
स्थानीय स्तर: विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष
पहली बार ब्लॉक अध्यक्ष का सीधा चुनाव
इस बार संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए भी प्रत्यक्ष चुनाव कराने का फैसला लिया गया है। इससे मुकाबला संगठन की सबसे निचली इकाई तक पहुंच गया है। अब दावेदारों को केवल शीर्ष नेतृत्व के भरोसे रहने के बजाय सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पकड़ साबित करनी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष पद पर 17 दावेदार मैदान में
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद रोचक नजर आ रहा है, जहाँ 17 प्रमुख चेहरे अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें शैलेंद्र बंजारे, सत्येंद्र चेलक, विनयशील, प्रशांत बोकड़े, जसमीत शर्मा, लोकेश वशिष्ठ, सोनू शर्मा, निखिलकांत साहू, हनी बग्गा और सजल चंद्राकर सहित कई नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं।
नेताओं और गुटों की साख दांव पर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन के भीतर विभिन्न नेताओं और गुटों के जमीनी प्रभाव और शक्ति प्रदर्शन की भी कड़ी परीक्षा साबित होगा।
विनोद गुप्ता-आरंग



