ब्रेकिंग न्यूज़-जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन की मुस्तैदी-ग्राम टीला से 24 लोग सुरक्षित रेस्क्यू
आरंग। रायपुर जिले में लगातार भारी बारिश के चलते उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के सख्त और त्वरित निर्देशों के बाद, प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं।ताजा घटनाक्रम के तहत, बाढ़ की चपेट में आए ग्राम टीला में फंसे 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।इसके साथ ही अभनपुर के ग्राम पारागांव के फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया। उनके रुकने खाने की व्यवस्था की गई । Sdrf की टीम को राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए गए है। बचे लोगों को भी निकालने की व्यवस्था की जा रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारी खुद मैदानी स्तर पर डटे हुए हैं। राहत और बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार विश्वरंजन, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह, और एसडीएम श्री रवि सिंह मौके पर मौजूद रहे।अधिकारियों की मौजूदगी ने रेस्क्यू टीम का हौसला बढ़ाया और राहत सामग्री व बचाव अभियानों को तुरंत गति मिली। राजस्व विभाग और अन्य संबंधित अमले की पूरी टीम मौके पर मुस्तैद रहकर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।जिला प्रशासन ने नदी-नालों के पास रहने वाले और बाढ़ प्रभावित इलाकों के नागरिकों से अपील की है कि वे पूरी सावधानी बरतें, पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
विनोद गुप्ता-आरंग



