त्योहारी भीड़भाड़ के बीच आरंग पुलिस ने नगर में किया भ्रमण-तीन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर भेजा जेल
आरंग।आगामी त्योहारों के मद्देनजर नगर में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरंग पुलिस ने आज नगर के प्रमुख मार्गों व बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 3 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया।आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारी सीजन में आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस बल द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी कड़ी में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते छन्नू देवांगन (पिता रामकुमार देवांगन, उम्र 36 वर्ष, निवासी बस स्टैंड के पीछे, आरंग), गेंद लाल साहू (पिता बलराम साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी उगेतरह, थाना आरंग) और उमाशंकर साहू (पिता पुराणिक साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी उगेतरह, थाना आरंग) के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक वैधानिक कार्रवाई की गई।कार्रवाई के पश्चात तीनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान नगर में हुड़दंग मचाने या शांति भंग करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



