आरंग नगर पालिका अध्यक्ष ने ‘गोठ बात’ में सुनीं जन-समस्याएं-शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना हेतु इन्होंने सौपा ज्ञापन
आरंग।आरंग नगर पालिका के पुराने कार्यालय में शनिवार को ‘गोठ बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी व्यक्तिगत और वार्ड स्तरीय समस्याओं को गंभीरता से सुना।कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 14 के निवासियों ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। नागरिकों की इस मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डॉ. जैन ने इंदिरा चौक से सुमित बाजार तक पाइप लाइन विस्तार की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आमजन को हो रही दिक्कतों का तत्काल और उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसी कड़ी में, ‘गोठ बात’ कार्यक्रम के दौरान आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज (आरंग परिक्षेत्र) के प्रतिनिधियों ने भी अध्यक्ष से भेंट की। समाज के प्रतिनिधि मंडल ने वार्ड क्रमांक 16 में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह जी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि ‘गोठ बात’ का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करना है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि आरंग के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी जायज मांगों पर शीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



