सशिम आरंग में बरसते पानी में भी हुआ ऐतिहासिक आयोजन-‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर गूंजा एक स्वर, एक लय का सामूहिक गान..
आरंग। 25 सितंबर 2026 ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, आरंग में सरस्वती शिक्षा संस्थान विद्या भारती छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, आचार्यों एवं गणमान्य नागरिकों तथा डॉ हेडगेवार बाल कल्याण समिति के सदस्यों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एक समय, एक लय, एक स्वर में सामूहिक वंदे मातरम् गायन रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, आरंग, अध्यक्षता चंद्रशेखर साहू, अध्यक्ष डॉ. हेडगेवार बाल कल्याण समिति, आरंग ने की। मुख्य वक्ता चंद्रकुमार डडसेना, संस्कार केंद्र प्रांत प्रमुख, सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ तथा विशिष्ट अतिथि राम कुमार गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार एवं समवेत शिखर, आरंग उपस्थित रहे।
‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रचेतना और त्याग का स्वर-डडसेना
मुख्य वक्ता चंद्रकुमार डडसेना ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होना केवल एक गीत की वर्षगांठ नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, त्याग और राष्ट्रभक्ति की गौरवपूर्ण परंपरा का स्मरण है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा और संकल्प का स्वर बना।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज स्वतंत्र भारत में हमारा दायित्व है कि उस राष्ट्रभाव को अपने आचरण में उतारें। उन्होंने पंच परिवर्तन—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध एवं स्वदेशी तथा नागरिक कर्तव्य को समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि परिवर्तन की शुरुआत दूसरों से नहीं, स्वयं से होनी चाहिए।डडसेना ने कहा कि परिवार में संस्कार, समाज में समरसता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, स्वावलंबन तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में छोटा-सा सकारात्मक परिवर्तन लाए तो वही परिवर्तन मिलकर व्यापक सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकता है।मुख्य अतिथि दिनेश शर्मा ने कहा देश की माटी एवं संस्कृति एवं जीवन मूल्य के संस्कार सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा दिया जा रहा है वह अद्भुत है. वंदे मातरम की 150वी वर्षगांठ हमें देश के लिए जीने व कर्म करने का संदेश देता है lविशेष अतिथि राम कुमार गुप्ता ने कहा हमारे महान संस्कृति एवं विरासत को संजोने का काम विद्या भारती कर रही है. आज के बच्चे कल के देश की करणधार बनेंगे। इस कार्यक्रम में डॉ हेडगेवार बाल कल्याण समिति के सचिव राजेश साहू, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, सदस्य गण कमल नारायण देवांगन, कौशल चंद्राकर, डॉ तेजराम जलक्षत्री, आरंग नगर संघ प्रमुख रामु मिर्धा, पार्षद प्रतिनिधि तोषण लाल साहू, पार्षद वीरेंद्र कड़रा, सनद साहू, पालक गण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रभक्ति एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण का संकल्प लेते हुए ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष किए। राज्य गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आभार प्रदर्शन व्यवस्थापक राजेश साहू ने किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



