लभरा खुर्द के पुराने कुएं से बोरी में बंद सड़ा-गला शव बरामद
महासमुंद। जिले में एक बार फिर सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बागबाहरा रोड स्थित लभरा खुर्द इलाके में सब स्टेशन के पीछे स्थित एक पुराने सुनसान कुएं से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया है।
स्थानीय लोगों को कई दिनों से कुएं के आसपास तेज दुर्गंध आ रही थी। जब बदबू असहनीय हो गई तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुएं की जांच की, जहां पानी में एक बोरी तैरती हुई मिली। बोरी के अंदर एक व्यक्ति का शव ठूंसकर रखा गया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने शव को बोरी में बंद कर मोटी रस्सी से कसकर बांधा, इसके बाद शव के साथ भारी बोल्डर (बड़े पत्थर) को रस्सी से लटकाकर पूरे पैकेट को कुएं में फेंक दिया, ताकि शव पानी के नीचे दबा रहे और पहचान न हो सके।
हालांकि शव के सड़ने से फैली बदबू ने पूरा मामला उजागर कर दिया। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शव की हालत इतनी खराब है कि फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में गुमशुदगी की रिपोर्ट और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
गौरतलब है कि सप्ताह भर के भीतर यह जिले में दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले कुछ दिन पहले खट्टी शराब भट्टी के पास भी एक शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने की बात कही जा रही है।

