चार छात्राओं ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव-‘युवा आपदा मित्र’ प्रशिक्षण प्राप्त कर साथियों को किया जागरूक-किया जीवंत प्रदर्शन…
आरंग। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंदिरहसौद की चार छात्राओं ने ‘युवा आपदा मित्र’ का विशेष प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात छात्राओं ने विद्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अन्य छात्राओं के समक्ष अपनी ‘आपदा मित्र किट’ का जीवंत प्रदर्शन किया और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के गुर सिखाए।प्रदर्शन के दौरान प्रशिक्षित छात्राओं ने किट में उपलब्ध विभिन्न जीवनरक्षक उपकरणों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने साथी छात्राओं को व्यावहारिक रूप से समझाया कि किसी भी आकस्मिक संकट के समय इन उपकरणों का सही और त्वरित उपयोग कैसे किया जाता है।इस अवसर पर रानी दुर्गावती गाइड कंपनी मंदिरहसौद (जिला संघ रायपुर) की गाइड्स ने एक आपदा मित्र के रूप में अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने बताया कि बाढ़, आगजनी, सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी प्राकृतिक या आकस्मिक आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता बरतना, घायल को तत्काल प्राथमिक सहायता देना और राहत-बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करना बेहद आवश्यक है।प्रशिक्षित छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए संदेश दिया कि आपदा की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखते हुए दूसरों की मदद करना ही सच्ची सेवा है। छात्राओं की इस सराहनीय पहल से विद्यालय की अन्य विद्यार्थियों में भी आपदा प्रबंधन के प्रति गहरी जागरूकता और समाज सेवा की भावना जागृत हुई है।
विनोद गुप्ता-आरंग





